
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश महासचिव बने ब्रह्मानंद चंद्रवंशी, नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं में हर्ष, संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने का लिया संकल्प
रोहतास संवाददाता मंटू कुमार की रिपोर्ट
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने संगठन का विस्तार करते हुए ब्रह्मानंद चंद्रवंशी को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष की ओर से उनकी नियुक्ति का पत्र जारी किया गया।
प्रदेश महासचिव बनाए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं ने ब्रह्मानंद चंद्रवंशी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नवनियुक्त प्रदेश महासचिव ब्रह्मानंद चंद्रवंशी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने के लिए वे पूरी सक्रियता के साथ कार्य करेंगे और पार्टी के विस्तार के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे।
इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने ब्रह्मानंद चंद्रवंशी को प्रदेश महासचिव बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




















