कुंडवा चैनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 300 लीटर नेपाली देसी शराब के साथ तीन गिरफ्तार

कुंडवा चैनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 300 लीटर नेपाली देसी शराब के साथ तीन गिरफ्तार
खरूआ रेलवे गुमटी के पास गुप्त सूचना पर पकड़ी गई सफेद स्विफ्ट डिजायर कार, गिरफ्तार तीनों आरोपी मधुबन थाना क्षेत्र के निवासी
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
कुंडवा चैनपुर (पूर्वी चंपारण)। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरूआ रेलवे गुमटी के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार से करीब 300 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने कार में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खरूआ रेलवे गुमटी के पास वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार से करीब 300 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद हुई। मौके से तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार तीनों व्यक्ति मधुबन थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इनमें एक व्यक्ति का पैर टूटा हुआ है।
इस संबंध में कुंडवा चैनपुर थानाध्यक्ष अमन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।




















