
रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर अनजबित सिंह महाविद्यालय में आयोजित हुआ ‘तेजस्विनी युवती सम्मेलन’
रोहतास संवाददाता चारोधाम मिश्रा की रिपोर्ट
बिक्रमगंज (रोहतास)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (अभाविप), बिक्रमगंज जिला के तत्वावधान में आज 19 नवंबर को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर अनजबित सिंह महाविद्यालय, बिक्रमगंज में ‘तेजस्विनी युवती सम्मेलन’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा रानी लक्ष्मीबाई के साहस, शौर्य और अदम्य पराक्रम से प्रेरणा लेना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिक्रमगंज प्रखंड की प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (BPRO) कुमारी सलोनी कुमारी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में अनजबित सिंह महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. रौशनी एवं सहायक प्राध्यापक कुमारी नीलम उपस्थित रहीं। साथ ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की जिला छात्रा प्रमुख कुमारी आद्या कुमारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद्, बिक्रमगंज जिला के जिला संयोजक आदित्य कश्यप के नेतृत्व में उनकी टीम के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश राम, राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. देवेश पाण्डेय, रसायन विज्ञान विभाग के चौधरी सर सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन, उनके संघर्ष, अदम्य साहस और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन भारतीय नारी शक्ति, स्वाभिमान, आत्मसम्मान और नेतृत्व क्षमता का प्रेरणास्रोत है। आज की युवतियों को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
अतिथियों ने युवतियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के कार्यकर्ताओं एवं महाविद्यालय परिवार के सहयोग से उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।




















