
चेहल्लूम शांति और सौहार्द के साथ संपन्न, दोनों समुदायों ने पेश की भाईचारे की मिसाल
रोहतास दावथ संवाददाता चारोधाम मिश्रा की रिपोर्ट
दावथ (रोहतास) दावथ प्रखंड अंतर्गत बभनौल और सेमरी गांव में मंगलवार को मुहर्रम का 40 वें दिन चेहल्लूम पूरे शांति, सुरक्षा और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। सुबह से ही गांव में मजलिसों का आयोजन किया गया।
जिसमें उलेमाओं ने कर्बला की शहादत और इमाम हुसैन के आदर्शों पर प्रकाश डाला तथा इंसानियत, सब्र और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। मजलिस के समापन के बाद मुख्य मार्गों से ताजिया का जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान नौहा ख्वानी और मातम के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से गम का इजहार किया।

प्रशासन ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त की गई।
अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज दिलीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंधु शेखर, प्रखंड विकास पदाधिकारी दावथ विकास कुमार, सीओ गौरव कुमार, जीविका प्रबंधक मुन्ना राम, बीसीओ सीताराम, बीईओ आनंद किशोर सिंह,थानाध्यक्ष मनीष कुमार पंजियारा सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन और स्थानीय लोगों के आपसी सहयोग से पूरा कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हुआ। इस अवसर की सबसे खास बात यह रही कि चेहलूम के दौरान दोनों समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे के प्रति सौहार्द और सहयोग का परिचय दिया।

कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने जुलूस में शामिल हुए जिससे गंगा-जमुनी तहजीब की तस्वीर साफ दिखाई दी।कुल मिलाकर बभनौल में चेहलूम ने यह संदेश दिया कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारा ही समाज की असली ताकत है और इसी भावना के साथ यह पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
मौके पर परवेज सिदक्की, पप्पी खानमुन्ना मुखिया, लल्लू खान, इंकलाब अहमद, इरशाद अली, मुखिया राधा मोहन सिंह, सहित कई खालीफा लोग उपस्थित रहे!




















