
सद्गुरु सदाफलदेव जी की 139वीं जयंती पर दो दिवसीय विहंगम योग समारोह, आचार्य स्वतंत्रदेव जी की अमृतवाणी होगी मुख्य आकर्षण
रोहतास संवाददाता चारोधाम मिश्रा की रिपोर्ट
बिक्रमगंज,रोहतास। अनुमंडल के करियवा बाल धारूपुर स्थित कोर्ट परिसर में अनंत श्री सद्गुरु सदाफलदेव जी महाराज की 139वीं जन्म जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले 5101 कुंडीय विश्वशांति वैदिक महायज्ञ एवं विहंगम योग समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो दिवसीय यह भव्य धार्मिक आयोजन 31 अगस्त और 01 सितंबर को होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
विश्वशांति एवं मानव कल्याण की कामना को लेकर आयोजित इस महायज्ञ में 5101 कुंडों में वैदिक विधि विधान से यज्ञ संपन्न कराया जाएगा। देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। यज्ञ स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। कार्यक्रम के अनुसार 5101 कुंडीय महायज्ञ का शुभारंभ 01 सितंबर को प्रातः 9 बजे से होगा।
इस समारोह में संत प्रवर श्री विज्ञानदेव जी महाराज की दिव्यवाणी जय स्वर्वेद कथा प्रतिदिन शाम 6 बजे से होगी, जबकि सद्गुरु आचार्य श्री स्वतंत्रदेव जी महाराज की अमृतवाणी 01 सितंबर की रात 8 बजे से होगी जो समारोह का विशेष आकर्षण रहेगी।
आयोजन समिति के अनुसार इस महायज्ञ के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना, विश्वशांति, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश दिया जाएगा। कल से शुरू हो रहे इस आयोजन से पूरा धारूपुर आध्यात्मिक रंग में रंगने को तैयार है।


















