
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर झाझा में भव्य आयोजन
सामूहिक गायन से गूंजा विद्यालय परिसर, राष्ट्रभक्ति के संदेश से ओत-प्रोत हुआ माहौल
जमुई जिला ब्यूरो डॉ बिरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
जमुई: झाझा। स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के पदाधिकारियों, आचार्यों एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के झाझा नगर अध्यक्ष बंशंकर वर्मावाल ने की, जबकि मंच का संचालन विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार पांडेय ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के पूर्व सचिव एवं सेवानिवृत्त रेलवे पदाधिकारी मुना प्रसाद साह उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों एवं वक्ताओं ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वंदे मातरम् ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति, एकता और देशप्रेम की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छात्र-छात्राओं द्वारा किए गए सामूहिक गायन से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में भैयालाल माथुरी, सेंट्रल बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश शर्मा, जेपी सेनानी एस.एन. शर्मा, जितेंद्र कुमार आर्य, भगवान शर्मा, परमेश्वर यादव, संतोष झुनझुनवाला एवं रामबालक पांडे सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।




















