
अरवल पुलिस लाइन में पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को किया गया याद, परिजनों को किया गया सम्मानित
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल। पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर अरवल पुलिस लाइन में बुधवार को कार्यक्रम आयोजित कर कर्तव्य के पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम में शहीदों के सम्मान में श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर अरवल के पुलिस अधीक्षक श्री किरण कुमार गोरख जाधव ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शहीद परिवारों को सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में साइबर डीएसपी मोहम्मद मुशीर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय, लाइन डीएसपी ओम प्रकाश, यातायात डीएसपी राजेश कुमार, मेजर मोहम्मद शाहनवाज आलम तथा सदर थाना अध्यक्ष दरबारी चौधरी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस संस्मरण दिवस का यह आयोजन देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा उनके सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखने का संदेश देता है।




















