NEET-UG 2026 में घोड़ासहन के नीतीश ने हासिल की सफलता, DMCH में MBBS के लिए हुआ चयन

NEET-UG 2026 में घोड़ासहन के नीतीश ने हासिल की सफलता, DMCH में MBBS के लिए हुआ चयन
595 अंक के साथ ऑल इंडिया 11811वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान, घर लौटने पर ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
घोड़ासहन सहयोगी संवाददाता राहुल कुमार की रिपोर्ट
घोड़ासहन (पूर्वी चंपारण)। दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और निरंतर अध्ययन के दम पर घोड़ासहन प्रखंड के वार्ड संख्या-3 निवासी नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 में सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नीतीश का चयन दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए हुआ है। नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को घर लौटने पर परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उनका भव्य स्वागत किया।
घर पहुंचते ही नीतीश को फूल-मालाओं से लाद दिया गया। महिलाओं ने माथे पर विजय तिलक लगाकर और आरती उतारकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि से उत्साहित ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
595 अंक के साथ हासिल की ऑल इंडिया 11811वीं रैंक
स्थानीय किराना व्यवसायी नीरज कुमार एवं संगीता देवी के पुत्र नीतीश कुमार ने सीमित संसाधनों के बावजूद NEET-UG 2026 में 595 अंक प्राप्त किए। उन्होंने ऑल इंडिया स्तर पर 11811वीं रैंक तथा ओबीसी वर्ग में 5353वीं रैंक हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से की तैयारी
नीतीश की प्रारंभिक शिक्षा घोड़ासहन में ही हुई। उन्होंने वर्ष 2023 में आदर्श नवोदय हाई स्कूल, घोड़ासहन से मैट्रिक और वर्ष 2025 में टीआरएमपी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, घोड़ासहन से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। बड़े शहरों के महंगे कोचिंग संस्थानों में जाने के बजाय उन्होंने घर पर रहकर ही फिजिक्स वाला के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी की।
दूसरे प्रयास में मिली सफलता, रोजाना 10 से 12 घंटे करते थे पढ़ाई
नीतीश ने बताया कि NEET में यह उनका दूसरा प्रयास था। पहले प्रयास के बाद निराश होने के बजाय उन्होंने अपनी कमियों को दूर किया और नियमित रूप से प्रतिदिन 10 से 12 घंटे स्वाध्याय किया। ऑनलाइन कक्षाओं और निरंतर अभ्यास के सहारे उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल किया।
नीतीश ने अपनी सफलता का श्रेय चचेरे दादा सह सेवानिवृत्त शिक्षक शिव शम्भू प्रसाद सुमन, बड़े पापा एवं शिक्षक अनिल कुमार सिन्हा, माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उनकी इस कामयाबी को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
गणमान्य लोगों ने दी बधाई
नीतीश की सफलता पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में शिक्षक अनिल कुमार सिन्हा, नीरज कुमार, मनोज कुमार, पत्रकार नीरज प्रभाकर, राहुल कुमार और कृषि सलाहकार संतोष कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नीतीश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




















