
नेपाल में भीषण सड़क हादसा: 100 फीट गहरी खाई में बस गिरने से 20 लोगों की दर्दनाक मौत
काठमांडू/रोल्पा (नेपाल): नेपाल के रोल्पा जिले के करणाली में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 20 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी बस एक मेले में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान अनियंत्रित होकर बस लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कठिन पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर क्षत-विक्षत हालत में शवों को बाहर निकाला तथा घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस गिरते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गया है। प्रारंभिक आशंका है कि तेज रफ्तार या सड़क की कठिन परिस्थितियों के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
नेपाल सरकार और स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।




















