हसनपुर में फिर चोरी की बड़ी वारदात, छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने उड़ाए तीन लाख से अधिक के सामान

हसनपुर में फिर चोरी की बड़ी वारदात, छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने उड़ाए तीन लाख से अधिक के सामान
एक सप्ताह के भीतर चोरी की दूसरी घटना से ग्रामीणों में दहशत, नगदी, गहने, कपड़े और बर्तन लेकर फरार हुए चोर
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
कुण्डवा चैनपुर (पूर्वी चंपारण)। कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में चोरों ने एक बार फिर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। शनिवार की रात चोरों ने गणेश चौधरी के घर में छत के रास्ते प्रवेश कर पेटी और ट्रंक का ताला तोड़ दिया तथा नगदी, गहने, कपड़े और बर्तन सहित करीब तीन लाख रुपये से अधिक के सामान की चोरी कर फरार हो गए।
बताया जाता है कि गणेश चौधरी अपने पूरे परिवार के साथ नेपाल में रहकर व्यवसाय करते हैं। घटना के समय उनकी मां गीता देवी घर में अकेली थीं। चोरी की सूचना मिलने के बाद गणेश चौधरी सोमवार को काठमांडू से अपने घर पहुंचेंगे।
घटना की सूचना मिलते ही कुण्डवा चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से थाने में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर हसनपुर गांव में चोरी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले चार नवंबर की रात भी चोरों ने हसनपुर निवासी शहजाद अहमद के घर को निशाना बनाया था। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और ट्रंक तोड़कर नगदी, गहने, कपड़े सहित करीब पांच लाख रुपये के सामान की चोरी कर ली थी। इस मामले में पीड़ित की ओर से कुण्डवा चैनपुर थाने में आवेदन भी दिया गया है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से हसनपुर गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।




















