
सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे नोखा प्रखंड में लोगों ने सीएम का लाइव प्रसारण देखा
रोहतास नोखा संवाददाता मंटू कुमार की रिपोर्ट
नोखा प्रखंड मुख्यालय परिसर में शनिवार को ‘विकसित भारत–समृद्ध बिहार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लाइव प्रसारण के माध्यम से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जन कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की और आम लोगों तक उनका लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में आमजनों तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक और प्रेरित करने पर जोर दिया, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। यह कार्यक्रम नोखा प्रखंड कार्यालय के सभागार में आयोजित किया गया था।
जहां जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। जिला प्रशासन के निर्देश पर पंचायत सरकार भवनों में भी इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर किया गया, जिसे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने देखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष रूपेश चंद्रवंशी, जिला पार्षद कृष्ण मुरारी उर्फ मिलु मिश्रा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शेफाली तथा जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) रविकांत शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद उपस्थित लोगों ने एलईडी स्क्रीन पर मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना ।कार्यक्रम के समापन के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड मुख्यालय परिसर में पौधरोपण किया।
इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया. ग्रामीणों ने भी पौधरोपण अभियान में सहयोग करने और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।




















