
निर्वाचन साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, रोहतास डीडीसी ने किया उद्घाटन
छात्रों को मतदान के महत्व की दी जानकारी, निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया हुनर
रोहतास नोखा संवाददाता मंटू कुमार की रिपोर्ट
नोखा। गढ़नोखा सरस्वती विद्या निकेतन उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को निर्वाचन साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त, रोहतास विजय कुमार पांडेय, बीडीओ शेफाली, मॉडल स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक विष्णु शंकर, श्री बुधन चौधरी स्मारक उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रोहित कुमार एवं सिटी मैनेजर प्रवीण ओझा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छात्रों को संबोधित करते हुए डीडीसी विजय कुमार पांडेय ने निर्वाचन साक्षरता और मतदान के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने छात्रों के साथ एक रोचक गेम के माध्यम से भी जागरूकता का संदेश दिया।
वहीं, बीडीओ शेफाली ने निर्वाचन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने छात्रों से पहले स्वयं जागरूक होने और निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में घोरडीहा उच्च विद्यालय के शिक्षक अरविंद कुमार, विपिन बिहारी एवं मास्टर ट्रेनर अरविंद कुमार सिंह ने भी छात्रों को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ शेफाली ने की, जबकि संचालन शिक्षक ददन सिंह ने किया। मौके पर कई गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन साक्षरता क्लब के औचित्य एवं महत्व तथा मतदाता जागरूकता अभियान एवं मतदाता प्रक्रिया विषय पर निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें गढ़ नोखा मॉडल स्कूल, सर्वोदय उच्च विद्यालय, श्री बुधन चौधरी स्मारक उच्च विद्यालय, घोरडीहा उच्च विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
निबंध प्रतियोगिता में नंदनी, सीता एवं कंचन कुमारी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में शालिनी, मेनका एवं सलोनी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।
चयनित छात्राओं को बीडीओ शेफाली ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।




















