प्रशासन की मुस्तैदी: सजगता से टला बाल विवाह, शाम को आनी थी बारात, दोपहर में पहुंची टीम

प्रशासन की मुस्तैदी: सजगता से टला बाल विवाह, शाम को आनी थी बारात, दोपहर में पहुंची टीम
राम कुमार ब्यूरो प्रमुख समस्तीपुर
समस्तीपुर । जिले के विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आलमपुर कोदरिया पंचायत अंतर्गत वार्ड 14 के महादलित टोला में प्रशासन और चाइल्ड लाइन की सजगता से एक नाबालिग किशोरी की जिंदगी संवरने से बच गई।
गुरुवार को होने वाली इस शादी की सभी तैयारियां मुकम्मल हो चुकी थीं। घर में उत्साह का माहौल था, टेंट-पंडाल सज चुके थे और कुछ ही घंटों में बारात दरवाजे पर दस्तक देने वाली थी। लेकिन ऐन वक्त पर पहुंची टीम ने कानूनी दबिश और समझाइश से इस बाल विवाह को रुकवा दिया।
गुप्त सूचना पर त्वरित एक्शन
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में एक नाबालिग किशोरी की शादी तय थी। इसकी गुप्त सूचना किसी जागरूक व्यक्ति ने चाइल्ड लाइन को दी। सूचना मिलते ही चाइल्ड लाइन की टीम ने तुरंत प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सहायक बाल विवाह निषेध पदाधिकारी सुनील कुमार को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने बिना समय गंवाए संयुक्त टीम का गठन किया और गांव पहुंच गए।
गांव पहुंची टीम ने जब किशोरी के उम्र संबंधी दस्तावेजों की जांच की, तो उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इसके बाद अधिकारियों ने परिजनों को सख्त हिदायत दी। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत यह एक कानूनी अपराध है।
कम उम्र में शादी से किशोरी के स्वास्थ्य और भविष्य पर गंभीर कुप्रभाव पड़ते हैं।
कानून का उल्लंघन करने पर जेल और जुर्माने का प्रावधान है।
शुरुआती हिचकिचाहट के बाद, बीडीओ सुनील कुमार और चाइल्ड लाइन के सदस्यों की समझाइश का असर दिखा। मुखिया, वार्ड सदस्य और पंचायत सचिव की मौजूदगी में हुई बैठक के बाद परिजनों ने अपनी गलती स्वीकार की और बालिग होने तक शादी न करने का लिखित संकल्प लिया।
वीडियो सुनील कुमार ने कहा कि चाइल्ड लाइन की सूचना पर हमने तत्काल कार्रवाई की है। यह समाज के लिए संदेश है कि बाल विवाह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किशोरी को सुरक्षित कर परिजनों को कानून की जानकारी दी गई है।
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र के परियोजना समन्वयक रवि कुमार, दीप्ति कुमारी, चाइल्ड हेल्प लाइन पर्यवेक्षक मुन्ना कुमार, प्रयास संस्था के कमलेश कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।




















