एम्बुलेंस से शराब तस्करी का खुलासा, 89.250 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

एम्बुलेंस से शराब तस्करी का खुलासा, 89.250 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
शेखपुरा जिला ब्यूरो रंजन कुमार की रिपोर्ट
शेखपुरा, 13 अगस्त। उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस से शराब तस्करी के मामले का खुलासा किया है। काशीचक मोड़ के पास चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान एक एम्बुलेंस से करीब 10 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद विभाग के अनुसार, सहायक अवर निरीक्षक अमरजीत कुमार के नेतृत्व में टीम ने काशीचक मोड़ के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एम्बुलेंस से कुल 89.250 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार (पिता-कारू राम), निवासी औरै, थाना रामगढ़, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एम्बुलेंस को भी जब्त कर लिया है।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




















