
‘ऑपरेशन विधि पालक’ के तहत स्कूली बच्चों को किया जागरूक, साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल: कुर्था। बिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन विधि पालक’ अभियान के तहत युवाओं एवं स्कूली बच्चों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में +2 रामरतन उच्च विद्यालय, सचई में कुर्था थाना की महिला पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, मानव तस्करी (Human Trafficking) एवं बाल श्रम के खिलाफ सजग रहने की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों और उनके अधिकारों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी परिजनों अथवा पुलिस को देने और सोशल मीडिया व इंटरनेट का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की।
अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को कानून की जानकारी देकर उन्हें सुरक्षित, जागरूक और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना है।




















