कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा 550 बैग यूरिया जब्त, चालक फरार

कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा 550 बैग यूरिया जब्त, चालक फरार
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
ढाका/पूर्वी चंपारण: यूरिया खाद की कालाबाजारी और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार, 12 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी, सिकरहना (ढाका) के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी कर करीब 550 बैग GROW MORE कंपनी का यूरिया उर्वरक लदा एक ट्रक जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, अनुमंडल पदाधिकारी, सिकरहना, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, ढाका एवं थानाध्यक्ष ढाका की संयुक्त टीम ने ढाका-घोड़ासहन रोड स्थित विशंभरपुर गांव के समीप कार्रवाई की। मौके से ट्रक संख्या BR 06G 9262 को जब्त किया गया।
छापेमारी की भनक लगते ही वाहन का चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। प्रशासन को आशंका है कि उक्त यूरिया को ढाका के रास्ते घोड़ासहन और फिर नेपाल तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
फिलहाल जब्त ट्रक को ढाका थाना लाया गया है। जब्ती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बरामद उर्वरक को नियमानुसार जिम्मेनामा पर देने की कार्रवाई की जाएगी।
🔴 खाद की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा है।




















