
नोखा में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया छठ महापर्व का खरना
मिट्टी के चूल्हे पर बना गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद, सूर्य मंदिर स्थित षष्ठी तालाब में श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना
रोहतास नोखा संवाददाता मंटू कुमार की रिपोर्ट
नोखा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन शनिवार को नोखा नगर क्षेत्र में खरना का पर्व श्रद्धा, भक्ति और पवित्रता के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर के विभिन्न मोहल्लों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। वहीं, घरों में व्रतियों द्वारा खरना प्रसाद तैयार करने की विशेष तैयारियां की गईं।
इस अवसर पर व्रतियों ने पूरे विधि-विधान और शुद्धता के साथ मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर और रोटी तैयार की। इसके बाद भगवान सूर्यदेव एवं छठी मइया को प्रसाद अर्पित कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया।
वहीं, नोखागढ़ स्थित सूर्य मंदिर परिसर के षष्ठी तालाब में व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजा-अर्चना की। तालाब परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा।
खरना के अवसर पर परिवार के सदस्यों एवं आसपास के लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया और भगवान सूर्यदेव तथा छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की। पूरे नगर क्षेत्र में छठ पर्व को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।




















