दिवाली की रात खेत में दफनाई गई 15 वर्षीय किशोरी की लाश, भाई गिरफ्तार; करीब 16 लोगों की संलिप्तता आई सामने
प्रेम प्रसंग को लेकर परिजनों ने की थी समझाने की कोशिश, कीटनाशक खाने के बाद हुई थी मौत; थानाध्यक्ष अमन कुमार की कार्रवाई से खुला मामला

दिवाली की रात खेत में दफनाई गई 15 वर्षीय किशोरी की लाश, भाई गिरफ्तार; करीब 16 लोगों की संलिप्तता आई सामने
प्रेम प्रसंग को लेकर परिजनों ने की थी समझाने की कोशिश, कीटनाशक खाने के बाद हुई थी मौत; थानाध्यक्ष अमन कुमार की कार्रवाई से खुला मामला
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
कुण्डवा चैनपुर (पूर्वी चंपारण)। दिवाली की रात पूरा इलाका दीपों की रोशनी में जगमगा रहा था, वहीं दूसरी ओर एक परिवार में किशोरी की मौत के बाद उसके शव को चोरी-छिपे खेत में दफना दिया गया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब बुधवार सुबह कुण्डवा चैनपुर थानाध्यक्ष अमन कुमार को इसकी गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी के भाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में करीब 16 लोगों की संलिप्तता की बात सामने आई है।
मामला ढाका प्रखंड अंतर्गत कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र के तेलहरा पंचायत स्थित तेलहरा गांव का है। गांव निवासी रामाशंकर साह की करीब 15 वर्षीय पुत्री पूनम कुमारी का गांव के ही एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात को लेकर परिजनों ने किशोरी को अपने स्तर से समझाने का प्रयास किया था।

बताया गया कि परिजनों की समझाइश से नाराज होकर किशोरी ने दिवाली की रात घर में रखा खेतों में छिड़काव करने वाला कीटनाशक खा लिया। उसकी सौतेली मां ने उसे बेहोशी की हालत में देखा और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। परिजन उसे इलाज के लिए ले जाने लगे, लेकिन इसी दौरान उसकी मौत हो गई।

इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में घर के पीछे खेत के एक कोने में किशोरी के शव को दफना दिया। बताया जाता है कि यह पूरी घटना दिवाली की रात करीब 11 बजे से सुबह 3 बजे के बीच हुई। इस घटना की भनक गांव के लोगों तक को नहीं लगी।
गुप्त सूचना पर थानाध्यक्ष ने की छापेमारी
बुधवार सुबह मामले की गुप्त सूचना मिलते ही कुण्डवा चैनपुर थानाध्यक्ष अमन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और किशोरी के भाई को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार भाई से पूछताछ के दौरान करीब 16 लोगों की संलिप्तता की जानकारी सामने आई।
इसके बाद गिरफ्तार भाई की निशानदेही पर थानाध्यक्ष अमन कुमार, ढाका की अंचलाधिकारी अर्चिता भारती एवं अनुसंधान विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खेत में दफनाए गए किशोरी के शव को बरामद किया।
थानाध्यक्ष अमन कुमार ने बताया कि बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दिवाली की रात हुई इस सनसनीखेज घटना का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। अब पुलिस की जांच में इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




















