अनियंत्रित बोलेरो ने तीन लोगों को मारी जोरदार टक्कर, महिला समेत तीन गंभीर रूप से घायल

अनियंत्रित बोलेरो ने तीन लोगों को मारी जोरदार टक्कर, महिला समेत तीन गंभीर रूप से घायल
हादसे के बाद भाग रहे चालक को लोगों ने वाहन समेत पकड़ा, गंभीर घायलों को मोतिहारी किया गया रेफर
ढाका (पूर्वी चंपारण)। ढाका-बैरगनिया भारतमाला पथ पर भगवानपुर चौक के समीप एक अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहे बोलेरो चालक को स्थानीय लोगों ने वाहन सहित पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के बाद आनन-फानन में सभी घायलों को उपचार के लिए ढाका अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में बरेवा निवासी मो. इमदाद की पत्नी समीमा खातून तथा उनके दो पुत्र अमुल्लाह एवं राजेपुर बखरी निवासी मो. कुर्बान का पुत्र शामिल हैं। समीमा खातून की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मोतिहारी रेफर कर दिया।

वहीं, दूसरी घटना ढाका-मोतिहारी मुख्य मार्ग पर ओवरब्रिज के समीप हुई, जहां स्कूटी अनियंत्रित होने से एक महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घायल महिला की पहचान हसनपुर निवासी ब्रह्मदेव साह की पत्नी कलावती देवी के रूप में हुई है। उन्हें भी प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया गया।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।




















