
अगहन मास शुरू होते ही बाबा झुमराज धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, सोनो-चकाई मुख्य मार्ग पर घंटों लगा जाम
हजारों श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना, बच्चों का मुंडन संस्कार, नई गाड़ियों की पूजा और सैकड़ों बकरों की चढ़ाई गई बलि
सोनो / जमुई। संवाददाता चंद्रदेव बरनवाल।
जमुई: अगहन मास का शुभारंभ होते ही प्रसिद्ध श्री बाबा झुमराज धाम बटिया में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण मंदिर परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही। वहीं, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की लंबी कतार लगने से सोनो-चकाई मुख्य मार्ग पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम को नियंत्रित करने में बटिया थाना की पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। वहीं, कई लोगों ने नई दोपहिया एवं चारपहिया गाड़ियों की पूजा-अर्चना कराई। इसके अलावा मन्नतें पूरी होने पर श्रद्धालुओं द्वारा सैकड़ों बकरों की बलि चढ़ाई गई। मंदिर के विकास के लिए भी भक्तों ने अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार दान दिया।
ज्ञात हो कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्तिक मास में मुख्य पूजा बंद रहने के कारण मंदिर परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ था। कार्तिक मास की समाप्ति और अगहन मास के आगमन के साथ ही बाबा के दरबार में एक बार फिर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है।

बताया जाता है कि बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु अपने वाहनों से बाबा के दरबार में पहुंचे। भक्तों ने फूल, बेलपत्र, अक्षत, जनेऊ, नारियल, धूप, अगरबत्ती एवं दूध आदि अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए बाबा से मन्नतें मांगी।
वहीं, जिन श्रद्धालुओं की पूर्व में मांगी गई मुरादें पूरी हुई थीं, उन्होंने अपनी श्रद्धा के अनुसार सैकड़ों बकरों की बलि चढ़ाकर बाबा के प्रति आभार प्रकट किया।
अगहन मास के पहले ही दिन बाबा झुमराज धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर इस प्रसिद्ध धार्मिक स्थल की आस्था और महत्ता को प्रदर्शित किया। हालांकि, भारी भीड़ के कारण मुख्य सड़क पर लगे जाम से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।




















