
बाबा झुमराज धाम पहुंचे जमुई सांसद अरुण भारती, माथा टेककर जिलेवासियों के लिए मांगी दुआ
कार्तिक महोत्सव की सराहना कर कमेटी सदस्यों को दी बधाई, बाबा झुमराज धाम को पर्यटन स्थल घोषित कराने के लिए विधानसभा और लोकसभा में आवाज उठाने का दिया भरोसा
जमुई से चंद्रदेव बरनवाल की रिपोर्ट।
जमुई जिले के प्रसिद्ध बाबा झुमराज धाम बटिया में आयोजित पांच दिवसीय कार्तिक महोत्सव की शोभा बढ़ाने जमुई सांसद अरुण भारती मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाबा झुमराज की पिंडी पर माथा टेककर पूजा-अर्चना की और जमुई वासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
मंदिर पहुंचने पर महोत्सव कमेटी के सदस्यों ने सांसद अरुण भारती का शॉल ओढ़ाकर एवं बाबा झुमराज की तस्वीर भेंटकर भव्य स्वागत किया। सांसद ने बाबा झुमराज धाम में पहली बार आयोजित इस महोत्सव को सराहनीय पहल बताते हुए कमेटी के सभी सदस्यों को बधाई दी।

इस अवसर पर सांसद अरुण भारती ने मंदिर के विकास एवं उत्थान के लिए जल्द से जल्द सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बाबा झुमराज धाम को पर्यटन स्थल के रूप में घोषित कराने के लिए विधानसभा एवं लोकसभा में आवाज उठाने की बात कही। साथ ही मंदिर में आवश्यक कार्यों को पूरा कराने का भी भरोसा दिया।

मौके पर कमेटी के उपाध्यक्ष आशीष बरनवाल, सचिव राकेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष लालू प्रसाद बरनवाल, समाजसेवी विनोद बरनवाल, जमुई जिला अध्यक्ष जीवन सिंह, प्रसादी पासवान (चकाई), रोहित पासवान, दिलीप पासवान, नारायण पासवान, पुजारी तालेबर सिंह एवं दिवाकर सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।




















