बेबी देवी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: फरार बाप-बेटा किऊल से गिरफ्तार

बेबी देवी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: फरार बाप-बेटा किऊल से गिरफ्तार
जमुई जिला ब्यूरो डॉ. बीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
जमुई: झाझा थाना क्षेत्र के चर्चित बेबी देवी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झाझा पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों—पिता वासुदेव यादव और पुत्र सुभाष यादव—को किऊल से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी की कार्रवाई झाझा थाना के सब इंस्पेक्टर अनिरुद्ध कुमार, दीपक कुमार एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजेश कुमार ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बीते 28 जून को झाझा थाना क्षेत्र के दादपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक शादी वाले घर में हिंसक मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना में बेबी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिनकी इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच ले जाने के दौरान मौत हो गई थी।
एसडीपीओ ने बताया कि घटना के दौरान आरोपियों ने घर में घुसकर सुहागा देवी, दुल्हन काजल कुमारी, बेबी देवी समेत आधा दर्जन लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। इस मामले में दिनेश यादव द्वारा अपने बड़े भाई वासुदेव यादव सहित कई नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ झाझा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी वासुदेव यादव और उसका पुत्र सुभाष यादव किऊल पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसआई अनिरुद्ध कुमार, एसआई दीपक कुमार, डीआईयू कर्मियों एवं अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने किऊल पहुंचकर दोनों आरोपियों को ट्रेन से उतरकर फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले 1 अप्रैल को भी दिनेश यादव की पत्नी सुहागा देवी ने वासुदेव यादव, सुभाष यादव एवं अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया था।




















