सिकंदरा में अवैध हथियारों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार; तीन कट्टे और चार कारतूस बरामद

सिकंदरा में अवैध हथियारों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार; तीन कट्टे और चार कारतूस बरामद
जमुई सिकंदरा संवाददाता राहुल कुमार की रिपोर्ट
जमुई/सिकंदरा। अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिकंदरा थाना पुलिस ने शनिवार रात दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन देशी कट्टे, चार जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है।

वाहन जांच में दो कट्टे बरामद
पहली कार्रवाई बालडा मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस ने मानपुर निवासी छोटन यादव को शराब के नशे में बाइक चलाते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर के दो देशी कट्टे, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की गई।

एसटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तारी
वहीं दूसरी कार्रवाई में एसटीएफ और सिकंदरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पचमहुआ गांव में छापेमारी की। इस दौरान बाल्मीकि यादव के पुत्र सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा और 315 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।
हथियारों के स्रोत की जांच शुरू
सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बरामद हथियारों के स्रोत के साथ-साथ आरोपियों के संभावित आपराधिक नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध हथियार रखने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।




















