
बिक्रमगंज: जनता दरबार में 107 परिवादियों की समस्याओं की हुई सुनवाई
रोहतास संवाददाता चारोधाम मिश्रा की रिपोर्ट
बिक्रमगंज (रोहतास ) अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में “सबका सम्मान-जीवन आसान” के तहत *जनता दरबार* का आयोजन किया गया। जनता दरबार में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों द्वारा अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित परिवाद प्रस्तुत किए गए।
जनता दरबार में कुल 107 परिवादियों की समस्याओं की सुनवाई की गई, जिसमें भूमि विवाद से संबंधित 83 परिवाद, आपूर्ति से संबंधित 16 परिवाद तथा अन्य मामलों से संबंधित 08 परिवाद शामिल थे।
अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज द्वारा इसमें से 34 परिवादियों के आवेदन पर ऑन द स्पॉट सुनवाई करते हुए निष्पादन किया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही, परिवादियों को आश्वस्त किया गया कि प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है,तथा आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।




















