
घर में गिरने से टूटा कूल्हा, आयुष्मान से हुआ निशुल्क हिप रिप्लेसमेंट
पोलियो ग्रसित मधुपुर के 70 वर्षीय मोगल रवानी का बाबा बैद्यनाथ हॉस्पिटल में सफल ऑपरेशन
जमुई जिला ब्यूरो डॉ बिरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
जमुई: चकाई प्रखंड अंतर्गत सहाना कॉलोनी स्थित बाबा बैद्यनाथ हॉस्पिटल चकाई में दूसरी बार सफलतापूर्वक हिप रिप्लेसमेंट किया गया. छह माह पूर्व घर में ही गिरने से झारखंड के मधुपुर स्थित कुशमाहा निवासी 70 वर्षीय मोगल रवानी का कूल्हा टूट गया था. हादसे के बाद वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गये. पोलियो से ग्रसित होने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गयी।
परिजनों ने कई जगह इलाज कराया, लेकिन कूल्हे के प्रत्यारोपण के लिए काफी खर्च बताया गया. इसके बाद आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क इलाज की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें चकाई स्थित बाबा बैद्यनाथ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में जांच के बाद आर्थोपेडिक्स सर्जन डॉ. चक्रवर्ती कुमार सिंह ने मरीज की स्थिति को देखते हुए टोटल हिप रिप्लेसमेंट की सलाह दी. मरीज के पास आयुष्मान कार्ड होने के कारण परिजनों को ऑपरेशन में कोई खर्च नहीं लगने की जानकारी दी गयी. इसके बाद रविवार की रात उनका ऑपरेशन किया गया।
करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन में डॉ. चक्रवर्ती कुमार सिंह के नेतृत्व में सफलतापूर्वक टोटल हिप रिप्लेसमेंट किया. अस्पताल के अनुसार यह आर्थोपेडिक्स विभाग के जटिल ऑपरेशनों में से एक था. मरीज की उम्र और पहले से पोलियो से ग्रसित होने के कारण ऑपरेशन में विशेष सावधानी बरती गयी. ऑपरेशन के बाद मरीज चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
रविवार रात ही ऑपरेशन होने के कारण अभी उन्हें चलाने का प्रयास नहीं किया गया है. फिलहाल उनकी स्थिति ठीक बतायी गयी है. वहीं बाबा बैद्यनाथ हॉस्पिटल में इसके पूर्व भी असहाना गांव के एक व्यक्ति का हिप रिप्लेसमेंट किया गया था जो बिल्कुल अब वह ठीक है और स्वस्थ होकर अपने दिनचर्या कर रहे हैं।
जटिल ऑपरेशन में शामिल था मामला : डॉ. चक्रवर्ती
डॉ. चक्रवर्ती कुमार सिंह ने बताया कि कूल्हे की हड्डी टूटने के बाद मरीज को समय पर उचित उपचार मिलना जरूरी है. मोगल रवानी की उम्र अधिक होने के साथ वह पहले से पोलियो से ग्रसित थे, इसलिए ऑपरेशन के दौरान विशेष सावधानी बरती गयी।
करीब दो घंटे में टोटल हिप रिप्लेसमेंट सफलतापूर्वक किया गया. उन्होंने बताया कि यह आर्थोपेडिक्स विभाग के जटिल ऑपरेशनों में से एक था. आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंद मरीजों को ऐसे बड़े ऑपरेशन की सुविधा निशुल्क मिल रही है. फिलहाल मरीज की स्थिति ठीक है।




















