
खरना के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला महाव्रत, छठी मइया के गीतों से गूंजा दावथ
रोहतास दावथ संवाददाता चारोधाम मिश्रा की रिपोर्ट
दावथ (रोहतास) |लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ को लेकर पूरा प्रखंड क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है। चार दिवसीय महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को छठ व्रतियों ने पूरी श्रद्धा, पवित्रता और नेम-निष्ठा के साथ खरना का अनुष्ठान संपन्न किया।
दिनभर उपवास रखने के बाद व्रतियों ने संध्या बेला में भगवान भास्कर और छठी मइया की विधिवत पूजा-अर्चना कर खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला महाव्रत शुरू हो गया।
मिट्टी के चूल्हे पर बना गुड़ की खीर का प्रसाद
खरना को लेकर सुबह से ही घरों में विशेष तैयारियां चलती रहीं। मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर और रोटी सहित पारंपरिक प्रसाद तैयार किया गया। पूजा के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया।
खरना संपन्न होते ही घर-आंगन में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
अब अर्घ्य की तैयारी
महापर्व के तीसरे दिन रविवार को छठ व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को संध्या कालीन पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटेगी। व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देंगे तथा परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना करेंगे।
वहीं सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा और व्रती विधि-विधान से पारण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन करेंगे।




















