
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को दी 34 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, ‘नीतीश सेतु’ का किया लोकार्पण
5,571.69 करोड़ रुपये की लागत से बने 19.36 किलोमीटर लंबे छह लेन पुल से पटना और वैशाली के बीच आवागमन होगा आसान, राघोपुर दियारा को भी मिलेगा बड़ा लाभ
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार एवं डॉ बिरेंद्र कुमार
पटना। बिहार के विकास को नई गति देने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 21 नवंबर 2026 को बिहार को करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 5,571.69 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 19.36 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से बिहार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री ने वैशाली जिले में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और समर्थन से बिहार में विकास की गति तेज हुई है।
पटना और वैशाली के बीच आवागमन होगा सुगम
मुख्यमंत्री ने कहा कि 19.36 किलोमीटर लंबा नीतीश सेतु पटना के कच्ची दरगाह और वैशाली के बिदुपुर के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा। इससे पटना और वैशाली के बीच आवागमन सुगम होगा। साथ ही महात्मा गांधी सेतु एवं जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा और राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।
सड़क, ऊर्जा और शहरी विकास की कई परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण एवं उन्नयन, बिजली और ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट-2, बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत करने, शहरी आधारभूत संरचना, जलापूर्ति और सीवरेज से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया गया। इन योजनाओं से राज्य में व्यापार, उद्योग, कृषि और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
26,900 से अधिक लाभार्थियों को मिला आवास का लाभ

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश कराया गया। साथ ही 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई। इससे शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को सुविधाजनक यातायात उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 15 हजार विशेष ट्रेनों के संचालन तथा रेलवे स्टेशनों एवं एयरपोर्ट पर छठ गीतों की व्यवस्था करने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया।
शिक्षा और कौशल विकास पर भी विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए इलेक्ट्रॉनिक पार्क एवं फूड पार्क स्थापित किए जाएंगे। शिक्षा के क्षेत्र में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी, जिससे युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण मिल सकेगा। सरस्वती विद्या निकेतन के तहत 700 मॉडल स्कूल तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, ‘विद्या साथी ऐप’ के माध्यम से विद्यार्थियों को 24 घंटे ऑनलाइन शिक्षकों की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। इन परियोजनाओं से राज्य के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और बिहार विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगा।




















