मोतिहारी में लगेगी DRDO की भव्य प्रदर्शनी, 15 से 18 अप्रैल तक शौर्य स्तंभ पर दिखेगी सैन्य तकनीक की ताकत

मोतिहारी में लगेगी DRDO की भव्य प्रदर्शनी, 15 से 18 अप्रैल तक शौर्य स्तंभ पर दिखेगी सैन्य तकनीक की ताकत
मोतिहारी: माननीय सांसद पूर्वी चंपारण सह पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री राधामोहन सिंह के पहल पर मोतिहारी के शौर्य स्तंभ पार्क में आगामी 15 अप्रैल से 18 अप्रैल तक रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
इस प्रदर्शनी के आयोजन को लेकर आज पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने डीआरडीओ के अधिकारियों, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रदर्शनी की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह प्रदर्शनी खासतौर पर छात्रों और युवाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है, ताकि वे विज्ञान, प्रौद्योगिकी और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हो सकें।
डीआरडीओ के चीफ इंजीनियर ने जानकारी दी कि इस प्रदर्शनी में देश के रक्षा क्षेत्र में उपयोग होने वाले अत्याधुनिक उपकरणों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें बुलेट प्रूफ जैकेट, हेलमेट, विशेष सैन्य जूते, केमिकल एवं न्यूक्लियर हमलों से बचाव के लिए विशेष सूट समेत कई उन्नत तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा।
साथ ही, प्रदर्शनी में डीआरडीओ की महत्वपूर्ण भूमिका को भी दिखाया जाएगा, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों में संगठन के योगदान को विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा। इससे छात्रों को न केवल रक्षा तकनीक की जानकारी मिलेगी, बल्कि वे वैज्ञानिकों के कार्यों को समझकर इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित होंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें देश के रक्षा अनुसंधान एवं तकनीकी विकास से जोड़ना है, ताकि आने वाली पीढ़ी देश की सुरक्षा और प्रगति में अपना योगदान दे सके।




















