मोतिहारी शहर का होगा सुव्यवस्थित अपशिष्ट जल निकासी

185 किलोमीटर लंबी सीवरेज पाइपलाइन से मोतिहारी शहर का होगा सुव्यवस्थित अपशिष्ट जल निकासी
रिपोर्ट सुजीत कुमार
मोतिहारी नगर में स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुडको द्वारा शहर में सीवरेज नेटवर्क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत मोतिहारी नगर क्षेत्र में लगभग 185 किलोमीटर लंबी सीवरेज पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जो शहर के विभिन्न वार्डों, मुहल्लों एवं आवासीय क्षेत्रों को एक सुव्यवस्थित अपशिष्ट जल निकासी तंत्र से जोड़ेगी।
इस सीवरेज नेटवर्क को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु 2 इन्फ्लुएंट पम्पिंग स्टेशन (IPS) तथा 2 लिफ्टिंग पम्पिंग स्टेशन (LPS) का भी निर्माण किया जाएगा, जो पाइपलाइन के माध्यम से संग्रहित अपशिष्ट जल को आगे प्रवाहित करने में सहायक होंगे। संपूर्ण नेटवर्क को 4 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से जोड़ा जाएगा, जिनका निर्माण कार्य पहले से ही प्रगति पर है। इन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों में अपशिष्ट जल का उचित शोधन कर उसे पर्यावरण अनुकूल बनाया जाएगा।

सीवरेज पाइपलाइन नेटवर्क में विभिन्न व्यास की पाइपों का उपयोग किया जाएगा। मुख्य संग्राहक लाइनों में बड़े व्यास की पाइपें लगाई जाएंगी जबकि आंतरिक एवं घरेलू कनेक्शन लाइनों में छोटे व्यास की पाइपें प्रयुक्त होंगी। पाइपलाइन बिछाने का कार्य नगर के सड़क नेटवर्क के साथ समन्वय स्थापित करते हुए चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।

यह परियोजना मोतिहारी नगर के निवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इसके क्रियान्वयन से खुले में अपशिष्ट जल के बहाव की समस्या समाप्त होगी तथा नगर का समग्र स्वच्छता स्तर बेहतर होगा। भूजल प्रदूषण में कमी आने से पेयजल की गुणवत्ता भी सुधरेगी। नालियों और सड़कों पर जमा होने वाले गंदे पानी की समस्या से नगरवासियों को स्थायी निजात मिलेगी।

इस आधारभूत संरचना से मोतिहारी नगर की पहचान एक आधुनिक एवं नियोजित शहर के रूप में स्थापित होगी। यह परियोजना पूर्वी चम्पारण जिले के नागरिकों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने तथा शहर को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में एक ठोस पहल होगी। परियोजना संबंधी के समय जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं बुडको के अभियंता साथ थे और आगे के कार्यों की कार्ययोजना बनाई गई है।




















