
जमुई जिला पदाधिकारी नवीन की अध्यक्षता में सिमुलतला आवासीय विद्यालय प्रबंध समिति की 29 वीं उच्चस्तरीय बैठक संपन्न
शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण, हाई-टेक सुरक्षा और छात्र कल्याण को लेकर जिला प्रशासन का बड़ा रोडमैप तैयार।
DEO, धनञ्जय पासवान समेत अन्य अधिकारी रहे मौजूद।
DPRO डॉ मेनका, ने बताया कि…
जमुई जिला ब्यूरो डॉ बिरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
जमुई। सिमुलतला आवासीय विद्यालय के शैक्षणिक उत्कर्ष, प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर आज जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्षता में 29वीं बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस बैठक में माननीय शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार द्वारा विगत बैठकों में दिए गए दिशा-निर्देशों का गहन पुनरावलोकन करते हुए नीति निर्माण, वित्तीय पारदर्शिता और व्यवस्थित संचालन को लेकर कई दूरगामी निर्णय लिए गए।

इस महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस संस्थान की गरिमा और गुणवत्ता अक्षुण्ण रखने के लिए भविष्य में होने वाले सभी विकासात्मक एवं निर्माण कार्य प्रबंध समिति के अंतिम अनुमोदन के उपरांत ही निष्पादित किए जाएंगे। इसके साथ ही, विद्यालय निधि से होने वाले व्यय की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विशेष जांच समिति का भी गठन करने का निर्णय लिया गया है।
शैक्षणिक सुधारों की दिशा में प्रशासनिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए बैठक में निर्णय लिया गया कि विद्यालय के पाठ्यक्रम को समसामयिक प्रतियोगी परीक्षाओं के सर्वथा अनुकूल और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। शिक्षकों के कौशल उन्नयन हेतु ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश के दौरान देश के विषय-विशेषज्ञों के माध्यम से विशेष ओरिएंटेशन और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पठन-पाठन की उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार प्रतिनियुक्ति के आधार पर नियमित शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त, जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से शिक्षकों का वार्षिक मूल्यांकन किया जाएगा और संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर ही उनका सेवा विस्तार देय होगा।
कार्यबल को सुव्यवस्थित करने के लिए अब प्रत्येक शिक्षक के लिए प्रति सप्ताह न्यूनतम 33 कक्षाएं लेना अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य की वास्तविक और सर्वश्रेष्ठ मेधा को सही पहचान और उचित स्थान दिलाने के लिए प्रवेश परीक्षा के स्तर को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके तहत कक्षा 6 और कक्षा 11 के नामांकन हेतु आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षाओं के प्रश्नों का एक उच्च मानक तय करने के लिए विशेषज्ञों के सहयोग से एक विशेष ‘क्वेश्चन गाइडलाइन’ तैयार की जाएगी।
आज के इस बैठक में जिला पदाधिकारी के पहल पर बैठक में पहली बार छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों के विद्यार्थी प्रतिनिधियों को सीधे तौर पर शामिल किया गया ताकि नीति निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो सके और उनकी समस्याओं का पता चल सके। चूंकि बच्चे अपने परिवारों से दूर आवासीय परिवेश में रहते हैं, अतः उनके भावनात्मक और मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा उनकी व शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित निवारण हेतु एक ठोस त्रिस्तरीय नीति बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत नियमित अंतराल पर ‘शिक्षक-अभिभावक बैठक’ का आयोजन, विशेष ‘करियर काउंसलिंग’ और मेधा क्रम सूची में निचले पायदान पर रहने वाले विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान के लिए विशेष कक्षाओं का संचालन करने पर भी निर्णय लिया गया।
जिला पदाधिकारी ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु ‘हाई-टेक मॉनिटरिंग सिस्टम’ स्थापित करने का निर्देश दिए।जिसके तहत संपूर्ण विद्यालय परिसर को अत्याधुनिक IP-Based CCTV कैमरों से लैस किया जाएगा। इस व्यवस्था की सबसे अनूठी विशेषता यह होगी कि सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों एवं गोपनीयता का पालन करते हुए इस निगरानी प्रणाली की लाइव पहुंच सीधे विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने बच्चों की सुरक्षा और परिसर की गतिविधियों के प्रति पूरी तरह निश्चिंत रह सकें।
सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति अनुकरणीय पहल करते हुए जिलाधिकारी द्वारा विद्यालय में ‘ग्रीन कैंपस’ की अवधारणा को धरातल पर उतारने हेतु एक व्यापक कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया। इस कार्ययोजना के अंतर्गत परिसर में एनर्जी ऑडिट, वॉटर ऑडिट और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग प्रणालियों को अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा, जो जिले के अन्य संस्थानों के लिए भी एक आदर्श प्रस्तुत करेगा। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को समृद्ध करने और उनके शारीरिक व मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में खेलकूद गतिविधियों को और अधिक सक्रिय करने, नियमित शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने तथा छात्रों के लिए सुलभ वाहन सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्देश जिला पदाधिकारी द्वारा दिया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में यह सहमति बनी की संस्थान की बौद्धिक ऊर्जा को नई दिशा देने के लिए देश के ख्यातिलब्ध शिक्षाविदों और गणमान्य अतिथियों के आगमन को सुगम बनाया जाएगा। इसके लिए विद्यालय परिसर में एक भव्य ‘स्वामी विवेकानंद अतिथिशाला’ का निर्माण करने का निर्णय लिया गया है, जो विशेषज्ञों और विद्यार्थियों के बीच निरंतर ज्ञानपरक और बौद्धिक संवाद का मुख्य केंद्र बनेगी। इसके साथ ही, विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र को संस्थान के भविष्य की रूपरेखा तय करने में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से परिसर में ही एक समर्पित कार्यालय और अतिथिशाला आवंटित करने की भी आम सहमति बनी।

विद्यालय प्रबंध समिति ने एक और दूरगामी पहल करते हुए सिमुलतला आवासीय विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्कृति का लाभ जिले के अन्य बच्चों तक पहुँचाने का निर्णय आज के बैठक में लिया। इसके तहत जमुई जिले के अन्य सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सिमुलतला की शैक्षणिक पद्धति से परिचित कराया जाएगा। दोनों पक्षों के विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद बढ़ाने के लिए खेल, कला तथा पाठ्य सामग्री के माध्यम से समय-समय पर स्वस्थ और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि इस अनूठे विज़न के माध्यम से संपूर्ण जमुई जिले के सरकारी विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर में व्यापक गुणात्मक सुधार लाया जा सके।
इस गरिमामयी एवं उच्चस्तरीय बैठक में विशेषज्ञ के रूप में ओ.एस.डी. (शैक्षणिक) डॉ. शंकर कुमार, प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. ज्ञानदेव मणि त्रिपाठी, प्रतिनिधि डॉ. निमिषा नोबा, बाल मनोवैज्ञानिक नवीन, जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय कुमार पासवान, सिमुलतला आवासीय विद्यालय के प्राचार्य शुभम शेखर तथा जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।




















