प्रखंड स्तर पर खुले डिग्री कॉलेज, ग्रामीण छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार: जिलाधिकारी मोतिहारी

प्रखंड स्तर पर खुले डिग्री कॉलेज, ग्रामीण छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार: जिलाधिकारी मोतिहारी
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
मोतिहारी, पूर्वी चंपारण। पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा है कि प्रखंड स्तर पर स्थापित नए डिग्री महाविद्यालयों से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खुलेंगे। इससे उच्च शिक्षा की पहुंच घर-घर तक होगी और स्थानीय स्तर पर कम खर्च में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

बिहार सरकार द्वारा राज्य के 211 प्रखंडों में नव स्थापित डिग्री महाविद्यालयों में सोमवार को पठन-पाठन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भागलपुर स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज, गोराडीह में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी कॉलेजों में एक साथ पढ़ाई की शुरुआत कराई।
पूर्वी चंपारण जिले में मुख्य समारोह का आयोजन राजकीय डिग्री महाविद्यालय, तुरकौलिया में किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी के साथ हरसिद्धि विधायक कृष्ण नंदन पासवान, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार समेत कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी और विधायक ने संयुक्त रूप से महाविद्यालय में पठन-पाठन का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्वी चंपारण के लिए यह एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है, क्योंकि जिले के 15 प्रखंडों में एक साथ डिग्री महाविद्यालयों की शुरुआत हुई है। पहले छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शिक्षा उपलब्ध होगी।
वहीं, विधायक कृष्ण नंदन पासवान ने कहा कि प्रखंड स्तर पर डिग्री कॉलेजों की स्थापना ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में इस पहल के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना की।

पूर्वी चंपारण के इन 15 प्रखंडों में शुरू हुए डिग्री महाविद्यालय
- संग्रामपुर – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, संग्रामपुर
- मेहसी – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मेहसी
- बंजरिया – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बंजरिया
- पिपराकोठी – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पिपराकोठी
- सुगौली – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सुगौली
- तुरकौलिया – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, तुरकौलिया
- तेतरिया – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, तेतरिया
- पताही – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पताही
- फेनहारा – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, फेनहारा
- रामगढ़वा – डिग्री महाविद्यालय, रामगढ़वा
- आदापुर – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, आदापुर
- छौड़ादानो – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, छौड़ादानो
- बनकटवा – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बनकटवा
- पकड़ीदयाल – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पकड़ीदयाल
- चिरैया – राजकीय डिग्री महाविद्यालय, चिरैया
जिले के सभी नव स्थापित डिग्री महाविद्यालयों में समारोह आयोजित कर भागलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




















