छपरा घटना के विरोध में पकड़ीदयाल BDO ने बांधी काली पट्टी, सुरक्षा की मांग

छपरा घटना के विरोध में पकड़ीदयाल BDO ने बांधी काली पट्टी, सुरक्षा की मांग
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
मोतिहारी: पकड़ीदयाल। छपरा में ड्यूटी के दौरान दो प्रखंड विकास पदाधिकारियों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना के विरोध में राज्यभर के बीडीओ काली पट्टी बांधकर सरकारी कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में पकड़ीदयाल की बीडीओ स्वर्ण वर्षा ने भी काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया।
बीडीओ स्वर्ण वर्षा ने बताया कि राज्य के सभी बीडीओ नियमित रूप से अपने सरकारी कार्यों का निर्वहन करते हुए काली पट्टी बांधकर विरोध जता रहे हैं। बिहार प्रखंड विकास पदाधिकारी संघ की प्रमुख मांग है कि प्रत्येक बीडीओ को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और ड्यूटी के दौरान सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए।
इसके अलावा ड्यूटी के दौरान किसी बीडीओ के घायल होने की स्थिति में बेहतर इलाज, बीमा और उचित क्षतिपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। इन मांगों को लेकर बिहार प्रखंड विकास पदाधिकारी संघ की ओर से मुख्य सचिव को ज्ञापन भी सौंपा गया है।




















