
बांकीपुर के चुनावी नतीजे मूल कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का परिणाम: आनंद कुमार चंद्रवंशी
रिपोर्ट बीरेंद्र चंद्रवंशी
पटना, 03 अगस्त। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, पूर्व जिला पार्षद, वैश्य–अतिपिछड़ा एकता मंच के अध्यक्ष एवं बिहार प्रदेश पंचायतीराज प्रकोष्ठ के सह-संयोजक आनंद कुमार चंद्रवंशी ने इसे संगठन के मूल एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा का परिणाम बताया है।
आनंद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं, जो वर्षों तक बिना किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के संगठन की विचारधारा और जनाधार को मजबूत करने के लिए काम करते हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर चुनावी समय में जुड़े लोगों और चापलूस प्रवृत्ति के व्यक्तियों को प्राथमिकता देने से जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी दल की वास्तविक शक्ति मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ताओं और कार्यकर्ता-आधारित व्यवस्था में होती है। केवल चुनाव के समय संगठन से जुड़ने वाले लोगों को महत्व देने से पार्टी की जमीनी पकड़ कमजोर हो सकती है।
चंद्रवंशी ने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया कि भविष्य में संगठन को और मजबूत एवं जनाधारयुक्त बनाने के लिए मूल कार्यकर्ताओं के सम्मान, समर्पण और वर्षों के योगदान को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान ही किसी मजबूत और दीर्घकालिक संगठन की पहचान एवं शक्ति है।




















