
शिक्षक दिवस पर टारगेट क्लासेस गोनपुरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम, जदयू जिलाध्यक्ष ने किया उद्घाटन
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल: गोनपुरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर टारगेट क्लासेस, गोनपुरा के तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जदयू जिलाध्यक्ष अनंत कुमार वर्मा ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जदयू जिलाध्यक्ष अनंत कुमार वर्मा ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाकर उन्हें बेहतर नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
युवाओं में बढ़ते सूखे नशे के प्रचलन पर जताई चिंता
जदयू जिलाध्यक्ष ने क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे सूखे नशे के प्रचलन पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। इससे युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा बर्बाद होने के साथ ही वे अपराध और गलत दिशा की ओर भी जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज को केवल चिंता व्यक्त करने के बजाय सामूहिक रूप से ठोस पहल करनी होगी। अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उन्हें शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से नशे को ना कहकर अपने भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जदयू पंचायत अध्यक्ष रामभवन सिंह, नीरज कुशवाहा, प्रेमचंद कुमार, सुभाष कुमार, अमरजीत कुशवाहा, पंकज कुमार और रविरंजन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में टारगेट क्लासेस के डायरेक्टर आलोक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।




















