विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का मोतिहारी जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और दत्तक ग्रहण प्रक्रिया की हुई समीक्षा

विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का मोतिहारी जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और दत्तक ग्रहण प्रक्रिया की हुई समीक्षा
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
पूर्वी चंपारण। जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण ने बुधवार को जिला निरीक्षण समिति (District Inspection Committee) के साथ विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान (Specialised Adoption Agency-SAA) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएसपी (मुख्यालय), सहायक निदेशक (बाल संरक्षण), बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान में आवासित बच्चों के खान-पान, पोषण, दूध, वस्त्र एवं स्वच्छता की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य एवं टीकाकरण की समीक्षा
जिलाधिकारी ने बच्चों के नियमित स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सहायक निदेशक (बाल संरक्षण) को संस्थान में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
दत्तक ग्रहण प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति (CWC) एवं केंद्रीय दत्तक-ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के नियमानुसार चल रही दत्तक ग्रहण प्रक्रिया और उसकी अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दत्तक ग्रहण की कानूनी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा
जिलाधिकारी ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन तंत्र एवं अन्य सुरक्षा इंतजामों की स्थिति की जांच की गई तथा आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बेसहारा एवं नवजात बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और स्नेहमयी वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बच्चों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




















