
डॉ. आर.के. सिन्हा के निधन से समाज और देश ने खोया दूरदर्शी अभिभावक
जमुई में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने आयोजित की श्रद्धांजलि सभा, पुष्प अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
जमुई जिला ब्यूरो डॉ बिरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
जमुई। भारतीय राजनीति, समाजसेवा एवं कायस्थ समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, भाजपा के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद, श्री चित्रगुप्त आदि मंदिर के अध्यक्ष तथा एसआईएस ग्रुप के संस्थापक डॉ. आर.के. सिन्हा के आकस्मिक निधन पर जमुई में शोक की लहर है। उनके निधन को समाज और देश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, जमुई की ओर से शुक्रवार को श्री सर्व देव दिव्य धाम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने डॉ. आर.के. सिन्हा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और समाज के प्रति किए गए योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. आर.के. सिन्हा का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, संगठनात्मक मजबूती, राष्ट्रसेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने कार्यों और दूरदर्शी सोच से समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. सिन्हा का व्यक्तित्व, उनकी संगठन क्षमता, नेतृत्व कौशल और समाजसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उनके निधन से न केवल कायस्थ समाज, बल्कि पूरे देश ने एक दूरदर्शी अभिभावक और समाजसेवी व्यक्तित्व को खो दिया है।
सभा में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों और सामाजिक योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।




















