बाबा झुमराज धाम में कार्तिक महोत्सव का भव्य आयोजन, रामकथा और शिव विवाह की झांकी देखने उमड़े हजारों श्रद्धालु

बाबा झुमराज धाम में कार्तिक महोत्सव का भव्य आयोजन, रामकथा और शिव विवाह की झांकी देखने उमड़े हजारों श्रद्धालु
अयोध्या की व्यास सोनम जी के भजन पर झूम उठे भक्त, वृंदावन की रामलीला और शिव-पार्वती विवाह की झांकी ने मोहा मन
जमुई से चंद्रदेव बरनवाल की रिपोर्ट।
बटिया (जमुई)। जमुई जिले के बटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध बाबा झुमराज धाम बटिया में आयोजित पांच दिवसीय कार्तिक महोत्सव में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। महोत्सव के दौरान आयोजित रामकथा, शिव विवाह प्रसंग और भव्य धार्मिक झांकियों का श्रवण एवं दर्शन करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अयोध्या धाम से आईं सातवीं रैंक की व्यास सोनम जी की कथा और वृंदावन धाम से आई रामलीला टीम की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
व्यास सोनम जी ने अपनी मधुर वाणी से रामकथा के साथ शिव और सती की कथा, राजा दक्ष प्रजापति द्वारा यज्ञ आयोजन तथा भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का प्रसंग सुनाया। इस दौरान उन्होंने भजन प्रस्तुत करते हुए कहा कि जिस भजन में राम का नाम न हो, उस भजन को नहीं गाना चाहिए। उनके भजनों पर श्रद्धालु खड़े होकर झूमने लगे और तालियां बजाकर अपनी भक्ति और उत्साह प्रकट किया।

वहीं, वृंदावन धाम से आई झांकी टीम द्वारा प्रस्तुत रामलीला में भगवान नरसिंह द्वारा हिरण्यकश्यप का वध और भगवान कृष्ण-सुदामा के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु आनंदित हो उठे। भगवान शिव का रूप धारण किए कलाकार बड़ी-बड़ी जटाओं, गले में सर्प, शरीर पर भस्म और हाथ में विशाल त्रिशूल लेकर अपने भूत-प्रेत साथियों के साथ नृत्य करते हुए बारात में निकले। इसके बाद माता पार्वती को हल्दी लगाने, शिव-पार्वती की वरमाला और विवाह की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व कमेटी के कोषाध्यक्ष लालू प्रसाद बरनवाल ने व्यास सोनम जी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं, कमेटी सचिव राकेश कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष आशीष बरनवाल ने आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए विशेष इंतजाम
महोत्सव को सफल बनाने में बटिया थाना पुलिस प्रशासन, कमेटी के सेवादारों, समाजसेवियों, स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धार्मिक न्यास परिषद, पटना द्वारा नवगठित कमेटी के उपाध्यक्ष आशीष बरनवाल, सचिव राकेश कुमार सिंह एवं कोषाध्यक्ष लालू प्रसाद बरनवाल पिछले करीब 20 दिनों से महोत्सव की तैयारियों और संचालन में दिन-रात जुटे हुए थे।
कमेटी के कोषाध्यक्ष लालू प्रसाद बरनवाल ने बताया कि कार्तिक मास के शुभारंभ के साथ ही प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी बलि पूजा पर प्रतिबंध लगाया गया था। कार्तिक मास की समाप्ति और अगहन मास के शुभारंभ के साथ पूर्व की भांति बलि पूजा फिर से शुरू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालयों की व्यवस्था की गई है। महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए नदी किनारे कई कमरे बनवाए गए हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था पर नजर रखने के लिए मंदिर के आसपास करीब एक दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
पेयजल और भीड़ प्रबंधन के लिए 20 से अधिक सेवादार तैनात
कमेटी के उपाध्यक्ष आशीष बरनवाल ने बताया कि महोत्सव को सफल बनाने में बाबा झुमराज मंदिर के पुजारियों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों का सहयोग सराहनीय रहा है। श्रद्धालुओं को पेयजल संकट से बचाने के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है। वहीं, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए कमेटी की ओर से 20 से अधिक सेवादार लगाए गए हैं।

कमेटी सचिव राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अगहन मास शुरू होने के साथ ही बलि पूजा पुनः प्रारंभ होने पर कमेटी के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व की भांति तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान जमुई सांसद अरुण भारती का आगमन और बाबा झुमराज मंदिर के विकास के लिए उनके द्वारा दिए गए सहयोग के आश्वासन से मंदिर की प्रगति को नई दिशा मिलेगी।
सचिव ने बताया कि नवगठित कमेटी के करीब डेढ़ से दो वर्ष के कार्यकाल में श्रद्धालुओं से प्राप्त सहयोग राशि से लगभग 48 लाख रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं।
24 नवंबर को होगा महोत्सव का समापन
पांच दिवसीय कार्तिक महोत्सव का समापन आगामी 24 नवंबर, मंगलवार को किया जाएगा। महोत्सव के दौरान उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और धार्मिक कार्यक्रमों से पूरा बाबा झुमराज धाम भक्तिमय माहौल में सराबोर है।




















