
बाबा झुमराज धाम पहुंचे पूर्व मंत्री सुमित सिंह, कार्तिक महोत्सव की भव्यता देख कमेटी को दी बधाई
बाबा झुमराज की पिंडी पर माथा टेककर बिहारवासियों के लिए मांगी मन्नत, मंदिर के विकास में आर्थिक सहयोग का दिया आश्वासन
सोनो/जमुई से संवाददाता चंद्रदेव बरनवाल की रिपोर्ट।
बटिया (जमुई)। सैकड़ों वर्षों से जमुई जिले के बटिया से सटे पठारी क्षेत्र में विराजमान प्रसिद्ध श्री बाबा झुमराज धाम में पहली बार आयोजित पांच दिवसीय कार्तिक महोत्सव की भव्यता की चर्चा सुनकर पूर्व विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सुमित सिंह मंदिर परिसर पहुंचे। महोत्सव के सफल आयोजन को देखकर उन्होंने कमेटी के सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान पूर्व मंत्री सुमित सिंह ने बाबा झुमराज की पिंडी पर माथा टेककर बिहारवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए मन्नत मांगी। उन्होंने घंटों मंदिर परिसर में बैठकर अयोध्या धाम से आईं व्यास सोनम जी की रामकथा का श्रवण किया। इसके बाद वृंदावन धाम से आई झांकी टीम द्वारा प्रस्तुत रामलीला का भी आनंद लिया।
पूर्व मंत्री ने बाबा झुमराज मंदिर के विकास को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही मंदिर के विकास कार्यों में आर्थिक सहयोग करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर कमेटी के सदस्यों ने उन्हें फूल-माला पहनाकर तथा बाबा झुमराज मंदिर की पवित्र तस्वीर भेंटकर सम्मानित किया।
कलश शोभायात्रा से हुआ था पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ
पांच दिवसीय कार्तिक महोत्सव का शुभारंभ रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं एवं कन्या-कुमारियों की भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ था। शोभायात्रा में झालदा से आई झांकी टीम ने विभिन्न धार्मिक झांकियों की प्रस्तुति दी। महोत्सव के दौरान अयोध्या धाम से आईं व्यास सोनम जी द्वारा रामकथा, वृंदावन धाम की टीम द्वारा रामलीला तथा पश्चिम बंगाल के कोलकाता के निकट झालदा से आई कीर्तन मंडली द्वारा भव्य हरे राम संकीर्तन और धार्मिक झांकियों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
वहीं, विद्वान पंडित श्री सुरेश पांडेय एवं उनकी टीम द्वारा लगातार रामचरितमानस का पाठ और प्रवचन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों में यजमान के रूप में कमेटी सचिव राकेश कुमार सिंह अपनी धर्मपत्नी के साथ तथा कमेटी उपाध्यक्ष आशीष बरनवाल अपनी धर्मपत्नी के साथ शामिल हुए।
चार राज्यों तक पहुंचा बाबा झुमराज धाम का धार्मिक संदेश
धार्मिक न्यास परिषद, पटना द्वारा नवगठित कमेटी के सदस्यों ने इस महोत्सव को सफलतापूर्वक आयोजित कर बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा सहित कई राज्यों तक बाबा झुमराज धाम की प्रसिद्धि पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पांच दिनों तक चले इस महोत्सव में प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक दिन हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद लेते रहे।

महोत्सव को सफल बनाने के लिए कमेटी के सदस्यों ने तन-मन-धन से सहयोग करने वाले सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कमेटी के कोषाध्यक्ष लालू प्रसाद बरनवाल, उपाध्यक्ष आशीष बरनवाल एवं सचिव राकेश कुमार सिंह के अलावा सदस्य प्रमोद बरनवाल, तालेबर सिंह, द्वारिका राय सहित सभी सेवादार और स्थानीय लोग कार्यक्रम की समाप्ति तक पूरी सक्रियता से जुटे रहे।
अगहन मास शुरू होते ही पूर्व की भांति शुरू होगी बलि पूजा
कमेटी की ओर से बताया गया कि कार्तिक महोत्सव के समापन और अगहन मास के शुभारंभ के साथ ही बाबा झुमराज मंदिर में पूर्व की भांति बकरों की बलि चढ़ाने की परंपरा और पूजा-अर्चना फिर से शुरू कर दी जाएगी।




















