
रोहतास: फर्जी दारोगा बनकर वाहन चेकिंग कर रहे चार युवक गिरफ्तार
रोहतास जिला ब्यूरो रोहित कुमार की रिपोर्ट
रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दारोगा और सिपाही बनकर वाहन चेकिंग कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके पास से एक बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो, दो लोहे एवं लकड़ी से बनी नकली राइफल, प्लास्टिक की पांच पिस्टल, फाइबर एवं मेटल से बना एक पिस्टल, दो सेट पुलिस वर्दी, एक फाइबर स्टिक, एक कॉम्बैट पिट्ठू बैग, एक बैटन रोल तथा दो होल्स्टर बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक पुलिस की वर्दी पहनकर सड़क पर वाहनों की जांच कर रहे थे, इसी दौरान पुलिस को शक हुआ और कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में डबल स्टार लगाए युवक ने अपना नाम शत्रुघ्न, निवासी शंभू बिगहा बताया, जबकि उसकी वर्दी की नेम प्लेट पर “सूर्य जी” लिखा हुआ था। बिना स्टार वाली वर्दी पहने युवक की पहचान राहुल कुमार (निवासी शंभू बिगहा) के रूप में हुई। वहीं सादे लिबास में शशि कुमार तथा औरंगाबाद जिले के निवासी प्रिंस कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
हालांकि, गिरफ्तार युवकों के परिजनों का कहना है कि सभी युवक एक टोली बनाकर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का काम करते हैं और उन के कई वीडियो पहले से ट्रेंड कर चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




















