
होली पर्व को लेकर जिलाधिकारी वैशाली सख्त, अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई
वैशाली ब्यूरो प्रभंजन कुमार की रिपोर्ट
हाजीपुर आगामी होली पर्व 2026 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी वैशाली श्रीमति वर्षा सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा आयोजित समीक्षा बैठकों में स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि अवैध शराब के बड़े खेप पर कड़ी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी वैशाली के निर्देश के आलोक में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग, हाजीपुर (वैशाली) द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। चकनौटा क्षेत्र में मुजफ्फरपुर–समस्तीपुर जिला सीमा से लगभग 05 किलोमीटर की दूरी पर, थाना बलिगांव क्षेत्र अंतर्गत बड़ी सफलता प्राप्त हुई।
छापेमारी के दौरान एक डीसीएम ट्रक से 219 कार्टन विदेशी शराब, एक बोलेरो पिकअप वाहन से 73 कार्टन तथा एक अन्य बोलेरो वाहन से 48 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई।
इस प्रकार कुल 340 कार्टन अवैध विदेशी शराब, जिसकी कुल मात्रा 3042.720 लीटर है, को जब्त किया गया।इस संबंध में मद्य निषेध थाना, महुआ द्वारा विधिसम्मत अभियोग दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
यह खेप पुलिस मुख्यालय,पटना के भी रडार पर था जिलाधिकारी श्रीमति वर्षा सिंह ने स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहार के दौरान अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी एवं कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी, वैशाली के नेतृत्व में जिला प्रशासन अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह सतर्क है और जनहित में ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।




















