
अरवल जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था सामान्य
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल: जिला पदाधिकारी, अरवल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु सतत अनुश्रवण एवं निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में यह सूचित किया जाता है कि अरवल जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता पूर्णतः सामान्य है। जिले के सभी 14 गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं। दिनांक 05 अप्रैल, 2026 की स्थिति के अनुसार जिले में कुल 4595 एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं।
साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता है।
जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि एलपीजी गैस की बुकिंग प्राप्त होने के उपरांत गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से उनके घर तक गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। अतः उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर जाने की आवश्यकता नहीं है और वे घर बैठे ही बुकिंग कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, बुकिंग के लिए निर्धारित समय-सीमा निम्नवत है—
शहरी क्षेत्र: 25 दिनों के उपरांत पुनः बुकिंग
ग्रामीण क्षेत्र: 45 दिनों के उपरांत पुनः बुकिंग
एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु जिला नियंत्रण कक्ष (Control Room) की स्थापना की गई है, जो 24×7 संचालित है। उपभोक्ता निम्नलिखित दूरभाष संख्याओं पर संपर्क कर अपनी शिकायत/सुझाव दर्ज करा सकते हैं—
📞 06337-228994
📞 06337-229494
📞 8235230817
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों के समक्ष भीड़ न लगाएं, नियमानुसार बुकिंग करें एवं होम डिलीवरी सुविधा का लाभ उठाएं।




















