
अरवल सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा का कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु व्यापक तैयारी
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल, दिनांक 14 अप्रैल 2026: बिहार लोक सेवा आयोग, पटना के निर्देश के आलोक में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन दिनांक 14 अप्रैल, 15 अप्रैल, 17 अप्रैल, 18 अप्रैल, 20 अप्रैल एवं 21 अप्रैल 2026 को अरवल जिला में किया जा रहा है।
परीक्षा के स्वच्छ, पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृता बेंस की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिले में कुल 05 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें:
बालिका उच्च विद्यालय, अरवल
जी. ए. उच्च विद्यालय, अरवल
एस.एस.एस.-जी.एस. कॉलेज, अरवल
उमैराबाद उच्च विद्यालय, अरवल
उच्च विद्यालय, फतेहपुर संडा, अरवल
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली का समय प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे मध्याह्न तक एवं द्वितीय पाली का समय अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलों को परीक्षा केंद्रों पर प्रातः 08:15 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पूर्व तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
इसके उपरांत परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी अथवा अन्य व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) विभिन्न स्तरों पर की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों के उपयोग को रोका जा सके। सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा सतत निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
आज परीक्षा के प्रारंभिक दिवस पर सभी केंद्रों पर परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण एवं सामान्य वातावरण में किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनी रहे।
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें एवं परीक्षा में अनुशासन बनाए रखें।
जिला प्रशासन परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संचालन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।




















