जमुई जिला के जिला विधिज्ञ संघ ने रचा इतिहास, आम सभा में सैकड़ों अधिवक्ताओं के सामने ऐतिहासिक बजट पारित

जमुई जिला के जिला विधिज्ञ संघ ने रचा इतिहास, आम सभा में सैकड़ों अधिवक्ताओं के सामने ऐतिहासिक बजट पारित
जमुई जिला ब्यूरो डॉ बिरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
अध्यक्ष सीताराम सिंह,की उपस्थिति में महासचिव सह वरीय अधिवक्ता,अमित कुमार ने पेश किया धुआंधार बजट।
महासचिब,अमित कुमार के इस विकासात्मक बजट को तमाम अधिवक्ताओं ने तहे दिल से सराहा।
जमुई जिला विधिज्ञ संघ आज बिहार का मॉडल संघ बन चुका है।
खबर विस्तार से आगे पढ़िए…
जिला विधिज्ञ संघ, जमुई की आम सभा में महासचिव अमित कुमार द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष का बजट अभूतपूर्व समर्थन के साथ 3 मतों के मुकाबले 97मतों से पारित कर दिया गया। विशेष बात यह रही कि महासचिव द्वारा प्रस्तुत यह बजट संघ के इतिहास में अब तक का सर्वाधिक महत्वाकांक्षी एवं विकासोन्मुख बजट माना जा रहा है, जिसने पिछले आठ माह में संघ की एक करोड़ रुपये से अधिक की आय के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
बजट प्रस्तुत करते हुए महासचिव अमित कुमार ने कहा कि संघ में अब तक हुए सभी विकास कार्यों का श्रेय संघ के सम्मानित अधिवक्ताओं एवं सदस्यों को जाता है, जिनके सहयोग, सुझाव और विश्वास के कारण जमुई जिला विधिज्ञ संघ आज बिहार के अग्रणी अधिवक्ता संगठनों में अपनी पहचान बना चुका है।

सभा को संबोधित करते हुए संघ के वरीय अधिवक्ताओं नवल सिंह, धीरेन्द्र सिंह, अश्विनी यादव, मक्केश्वर यादव, सज्जन सिंह, मनोज सिन्हा, सच्चिदानंद यादव सहित अनेक वरिष्ठ सदस्यों ने महासचिव के कार्यकाल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
वक्ताओं ने कहा कि एक युवा नेतृत्व ने अल्प समय में विकास का ऐसा इतिहास रचा है जो बिहार के अन्य जिला विधिज्ञ संघों के लिए अनुकरणीय एवं रोल मॉडल है। उन्होंने कहा कि महासचिव द्वारा संघ परिसर में विकास की जो गंगा प्रवाहित की गई है, वह अभूतपूर्व है।
सभा की अध्यक्षता करते हुए संघ अध्यक्ष सीताराम सिंह ने कहा कि सदस्यों द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर उन्हें अमल में लाया जाएगा। इस अवसर पर महासचिव अमित कुमार ने घोषणा की कि वृद्ध, दिव्यांग एवं असहाय अधिवक्ताओं तथा मुकदमादारों की सुविधा के लिए संघ भवन के दोनों ओर लिफ्ट की स्थापना की जाएगी।
महासचिव ने कहा कि जिस स्थान पर कभी करकट की छत के नीचे कार्य होता था, वह आज तीन मंजिला आधुनिक भवन के रूप में विकसित हो चुका है तथा लगभग 95 प्रतिशत करकट संरचनाएं हटाकर स्थायी भवनों का निर्माण कराया जा चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही जमुई संघ परिसर पूरी तरह करकट मुक्त हो जाएगा।
जिला विधिज्ञ संघ, जमुई आज बिहार का एक ऐसा मॉडल संघ बन चुका है जहां अधिवक्ताओं के लिए महिला विश्राम कक्ष, वातानुकूलित पुस्तकालय, पुरुष विश्रामालय, 35 निर्मित अधिवक्ता चैंबर एवं 20 अतिरिक्त प्रस्तावित चैंबर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए महासचिव ने बताया कि संघ द्वारा राज्य में सर्वाधिक 2 लाख रुपये मृत्यु उपादान सहायता, मृत्युशैया पर 1 लाख रुपये विशेष सहायता, 25 हजार रुपये चिकित्सा सहायता, 700 रुपये प्रति माह सदस्य सहायता, 4 लाख रुपये दुर्घटना बीमा, कन्या विवाह एवं नवजात जन्म पर 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि, तथा प्रमुख पर्व-त्योहारों पर प्रत्येक सदस्य को 2 हजार रुपये आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
सभा में यह भी बताया गया कि जिला विधिज्ञ संघ, जमुई ने परिसर में गुटखा एवं तंबाकू सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर एक स्वस्थ कार्य संस्कृति विकसित की है। साथ ही संघ परिसर को ग्रीन कॉरिडोर के रूप में विकसित करने वाला यह राज्य का पहला जिला विधिज्ञ संघ बन चुका है।

अधिवक्ता परिमल कुमार सिंह एवं शिव शंकर साहू ने संघ की निरंतर प्रगति के लिए कुछ अतिरिक्त विकासात्मक निर्णय लेने का सुझाव दिया, जबकि प्रसिद्ध नारायण सिंह ने भी संघ के सुदृढ़ीकरण हेतु अपने विचार रखे।
सभा के अंत में संघ के विकास एवं उपलब्धियों पर सदस्यों द्वारा व्यक्त विश्वास और प्रशंसा के लिए महासचिव अमित कुमार ने सभी अधिवक्ताओं एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य जमुई जिला विधिज्ञ संघ को देश के सर्वश्रेष्ठ अधिवक्ता संगठनों में स्थापित करना है।




















