
शेखपुरा -वायरल वीडियो के बाद बरबीघा-क़ुतुबचक कांड चर्चा का विषय, सनकी -राहुल ने -हथियार लहराया- एक युवक को तलवार से काटा तीन उंगलियां
शेखपुरा जिला ब्यूरो रंजन कुमार की रिपोर्ट
शेखपुरा जिला के बरबीघा थाना क्षेत्र के कुतुबचक गांव में युवक पर तलवार से किए गए हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में एक युवक हाथ में तलवार और देशी कट्टा लिए नजर आ रहा है। वहीं तलवार से हमले के दौरान घायल युवक के बचाव का प्रयास और हमलावर के भागने का दृश्य भी कैद है।
वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना को लेकर अस्थावां निवासी रूबी देवी ने बरबीघा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में उन्होंने बताया कि 15 जून की शाम उनके पुत्र प्रशांत कुमार अपनी डेयरी दुकान पर मौजूद थे! इसी दौरान राहुल कुमार और सोनू कुमार उर्फ धर्मेश कुमार वहां पहुंचे।
आरोप है कि दोनों ने हथियार के बल पर दुकान के काउंटर से करीब 20 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के अनुसार जब प्रशांत कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपित उसे दुकान से बाहर ले गए और तलवार से हमला कर दिया।

गर्दन पर किए गए वार से बचने के लिए प्रशांत ने हाथ आगे कर दिया, जिससे उसके एक हाथ की तीन उंगलियां कट गईं। गंभीर रूप से घायल प्रशांत को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। प्राथमिकी में आरोपितों पर गोली चलाने का भी आरोप लगाया गया है।
उधर, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक अन्य युवक हमलावर को रोकने और स्थिति को शांत करने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। हालांकि घटना के संबंध में गांव के अधिकांश लोग खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। बरबीघा थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
वायरल वीडियो की सत्यता और घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है। घटना के बाद ग्रामीणों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।




















