घोरदौड़ पोखर की जांच करने पहुंचीं एसडीओ मंगला कुमारी, ग्रामीणों की शिकायत पर अधिकारियों ने किया निरीक्षण

घोरदौड़ पोखर की जांच करने पहुंचीं एसडीओ मंगला कुमारी, ग्रामीणों की शिकायत पर अधिकारियों ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट सुजीत कुमार
मोतिहारी। पकड़ीदयाल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मंगला कुमारी के नेतृत्व में शुक्रवार को घोरदौड़ पोखर की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
जांच टीम में मुख्य रूप से सीओ नाज़नी अकरम, कार्यपालक अभियंता इफ्तेखार इमाम, जल संसाधन विभाग की एसडीओ किरण कुमारी, अनीश कुमार, सहबाज आलम, पर्यटन विभाग के एसडीओ कुमार राहुल राज, भवन निर्माण विभाग के एसडीओ अशोक कुमार, जेई अजीत कुमार तथा चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर जल संसाधन विभाग द्वारा कराए जा रहे पोखर की उड़ाही (खुदाई) कार्य में अनियमितता की शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उड़ाही के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है और कार्य गुणवत्ता के अनुरूप नहीं हो रहा है।
शिकायत के आलोक में एसडीओ मंगला कुमारी के नेतृत्व में गठित जांच टीम शुक्रवार को स्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच की।
मुखिया प्रतिनिधि सरोज सिंह ने कहा कि पोखर में कराया जा रहा कार्य बेहद घटिया स्तर का है। इसी कारण ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की थी, जिसके बाद प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया।




















