मनरेगा से बदल रही मटिअरिया पंचायत की तस्वीर, बेबुनियाद खबरों का मुखिया ने किया खंडन

मनरेगा से बदल रही मटिअरिया पंचायत की तस्वीर, बेबुनियाद खबरों का मुखिया ने किया खंडन
संवाददाता पीताम्बर शर्मा की रिपोर्ट
गौनाहा (पश्चिमी चंपारण): गौनाहा प्रखंड की मटिअरिया पंचायत में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत बड़े पैमाने पर विकास कार्य और रोजगार सृजन किया जा रहा है। पंचायत में चल रहे मनरेगा कार्यों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने के साथ-साथ कृषि व्यवस्था को भी लाभ पहुंच रहा है।
रोजगार सेवक शत्रुघ्न कुमार ने बताया कि रमेश यादव के खेत से प्रीतम यादव के खेत तक पोइन (नाला) सफाई कार्य कराया गया है। इस योजना का कार्य कोड- 051200700/IC/20667774 है। उन्होंने बताया कि इस कार्य से संबंधित मस्टर रोल संख्या 2102, 2103, 2104, 2105, 2106, 2186 एवं 2187 है।
उन्होंने बताया कि इस योजना में जॉब कार्डधारी मजदूर अकली देवी, प्रेम बिंदु देवी, संतोषी देवी, सुनीता देवी, अनिल कुमार गिरी, कलावती देवी, कृनदा देवी, निशा कुमारी, तारामती देवी, अनीता देवी, बबीता देवी, उषा देवी, रंगा देवी, चिंता देवी, रेणु देवी, ललिता देवी सहित सैकड़ों मजदूरों ने लगभग 15 दिनों तक कार्य किया।
मजदूरों ने बताया कि मनरेगा से गांव में ही रोजगार मिलने के कारण बाहर पलायन करने की जरूरत नहीं पड़ रही है। इस योजना से मिलने वाली मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण हो रहा है और आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि पोइन की सफाई होने से सिंचाई व्यवस्था बेहतर होगी और खेती-किसानी को भी इसका लाभ मिलेगा।
वहीं, मटिअरिया पंचायत के मुखिया दिवाकर पटवारी ने कहा कि मनरेगा योजना और पंचायत को बदनाम करने की नीयत से कुछ तथाकथित मीडिया संस्थानों द्वारा बेबुनियाद और भ्रामक खबरों का प्रसारण किया गया है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित योजना का कार्य नियमानुसार कराया गया है और इस तरह की खबरें तथ्यों से परे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रामक प्रचार कई सवाल खड़े करते हैं तथा जनता को गुमराह करने का प्रयास है।




















