
नालंदा में दलित पीड़ित परिवार से मिले रेल आंदोलन के सूत्रधार मनोज सिंह यादव, न्याय दिलाने का दिया भरोसा
ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
नालंदा, 28 जून 2026: नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंजपर गांव में रविवार को रेल आंदोलन के सूत्रधार एवं अरवल विकास मंच के अध्यक्ष मनोज सिंह यादव अपनी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने 14 जून 2026 को राजगीर मेला स्थित झूनठिया मंदिर परिसर में हुई दो दलित युवकों पिंटू पासवान और सरवन पासवान की हत्या के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

बताया गया कि 14 जून को चोरी की अफवाह फैलने के बाद दोनों युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मनोज सिंह यादव ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
उन्होंने बिहार सरकार से मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा, सरकारी नौकरी तथा मामले में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो उनके अधिकारों के लिए व्यापक जनसंघर्ष चलाया जाएगा।
मनोज सिंह यादव ने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा मिलनी चाहिए।




















