मोतिहारी जिला के 69 पंचायतों में सहयोग शिविर का हुआ आयोजन, जन समस्याओं का किया गया निराकरण

मोतिहारी जिला के 69 पंचायतों में सहयोग शिविर का हुआ आयोजन, जन समस्याओं का किया गया निराकरण
केसरिया के गोछी कुशहर में आयोजित सहयोग शिविर में माननीय प्रभारी मंत्री ने शिरकत कर जनता से की संवाद
सरकार जन समस्याओं के समाधान के लिए संकल्पित, “सरकार आपके द्वार” की अवधारणा को साकार कर रहा सहयोग शिविर : श्री श्रवण कुमार, प्रभारी मंत्री, पूर्वी चंपारण
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
मोतिहारी: आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान तय सीमा में सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित सहयोग शिविर के आज दूसरे चरण में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्वी चंपारण जिला के 25 प्रखंडों के कुल 69 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
माननीय मंत्री ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना जनसंपर्क विभाग सह प्रभारी मंत्री पूर्वी चंपारण श्री श्रवण कुमार आज केसरिया प्रखंड के गोछी कुशहर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में शिरकत किए, आमजन की समस्याओं को सुना और उनसे संवाद किए।

उनके साथ शिविर में माननीय सांसद वाल्मीकिनगर श्री सुनील कुमार, माननीय विधायक केसरिया श्रीमती शालिनी मिश्रा,प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार,निदेशक डीआरडीए श्री जयराम चौरसिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सहित केसरिया प्रखंड के अन्य पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
इस अवसर पर माननीय मंत्री महोदय ने बड़ी संख्या में शिविर में आए हुए नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आज के आयोजित शिविर में माननीय प्रभारी मंत्री ने 80 जीविका समूह की दीदियों को बैंक सहायता ऋण के रूप में 05 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया। यहां पर कुल 06 श्रमिकों को मनरेगा जॉब कार्ड प्रदान किया गया।
आईसीडीएस के सौजन्य से सहयोग शिविर के दौरान गोद भराई एवं अन्नप्राशन का कार्य भी किया गया। इस पंचायत में कुल 422 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 385 का निष्पादन कर दिया गया था। बचे हुए 37 आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का माननीय मंत्री के द्वारा निर्देश दिया गया।
यहां पर माननीय मंत्री के द्वारा बताया गया कि सहयोग शिविर/सहयोग पोर्टल के माध्यम से जिला में कुल 13000 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 12000 से अधिक आवेदनो से संबंधित समस्याओं का निराकरण कर दिया गया है।
इस अवसर पर माननीय मंत्री महोदय ने उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का आयोजन राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है जिसमें आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सचिव, प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष के स्तर की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।
समस्या का निराकरण अगर इससे ऊपर के स्तर पर होना है तो उसके लिए आवेदन को जिला, प्रमंडल अथवा राज्य स्तर पर संबंधित विभाग को भेजा जा रहा है जहां से उसका निराकरण किया जा रहा है।
माननीय मंत्री ने कहा कि सात निश्चय पार्ट 3 अंतर्गत “सबका सम्मान-जीवन आसान” निश्चय के तहत बिहार सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर रही है।
सहयोग शिविर केवल समस्याओं के समाधान और योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम ही नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच है।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सहयोग शिविर इसी जनोन्मुखी सोच का परिणाम है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई अच्छी चीज है और इसका बड़ा महत्व है।
सरकार और जिला प्रशासन पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है। माननीय मंत्री ने पिछले 21 वर्षों में सरकार के द्वारा किए गए कार्यों को गिनाते हुए कहा कि सभी क्षेत्रों में सभी वर्ग के लिए कार्य हुआ है, किसी को वंचित नहीं किया गया है।
सरकार की योजनाओं का लाभ सभी लोगों को मिला है। इस संदर्भ में उन्होंने 125 यूनिट फ्री बिजली का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसा करने वाला बिहार देश में पहला राज्य है।
माननीय मंत्री ने बताया कि जीविका के माध्यम से महिलाओं की 11लाख 88 हजार समूह बना हुआ है। बिहार प्रदेश में डेढ़ करोड़ से ज्यादा जीविका दीदी हैं।
माननीय मंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए और रोजगार से प्रेरित करने के लिए बिहार में एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को ₹10000 की राशि दी गई है। बिहार महिलाओं की ताकत से आगे बढ़ रहा है। हर क्षेत्र में महिला आज पुरुष के साथ कंधे से कंधे मिलाकर आत्मनिर्भरता के क्षेत्र मेंआगे बढ़ रही है।
माननीय मंत्री ने कहा कि सभी के सहयोग से बिहार को देश के टॉप पांच राज्य में खड़ा करना है। सरकार के द्वारा सभी क्षेत्रों में लगातार कार्य किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ बच्चों के भविष्य निर्माण के लिए भी सरकार संकल्पित है। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से आपसी प्रेम और भाईचारा बनाकर आगे बढ़ाने की अपील की।

इस अवसर पर माननीय विधायक श्रीमती शालिनी मिश्रा ने सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। लोगों में इसको लेकर काफी उत्साह है।
केसरिया में आयोजित सहयोग शिविर में सर्वप्रथम जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त के द्वारा सभी माननीय का स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन राज्य सरकार के निर्देशों का सत प्रतिशत अनुपालन करा रही है एवं आगे जो भी निर्देश प्राप्त होंगे उन सभी पर भी मजबूती से कार्य किया जाएगा। आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन कृत संकल्पित है।




















