अरेराज में सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

अरेराज में सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
अरेराज, 15 जुलाई 2026। पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात ने बुधवार को अरेराज स्थित श्री सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर और उससे जुड़े पर्यटन विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुराना अंचल कार्यालय के समीप निर्माणाधीन पर्यटक भवन, पोखरा के सौंदर्यीकरण कार्य, तिलाई नदी पर बनाए जा रहे दो पैदल पुल, केडिया धर्मशाला तथा चहारदीवारी निर्माण कार्य का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों को बताया गया कि पुराना अंचल कार्यालय के पास निर्माणाधीन धर्मशाला के भूतल की छत के लिए सेंटरिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने कार्य अभियंता को निर्देश दिया कि संवेदक के माध्यम से सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए।
वहीं, उसी भूखंड में स्थित पोखरा के सौंदर्यीकरण के लिए दो ओर से पाइलिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित संवेदक और अभियंता को निर्देशित किया कि सौंदर्यीकरण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने पुराने पर्यटन होटल का भी निरीक्षण किया। कार्य अभियंता ने बताया कि पुराने पर्यटक होटल के सौंदर्यीकरण का कार्य आगामी चार माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, अरेराज एवं कार्यपालक पदाधिकारी, अरेराज को समय-समय पर जांच करने का निर्देश दिया।



















