गुरहनवा पंचायत के गौरव ने नीट परीक्षा में पाई सफलता, गांव में खुशी की लहर

गुरहनवा पंचायत के गौरव ने नीट परीक्षा में पाई सफलता, गांव में खुशी की लहर
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
ढाका (पूर्वी चंपारण): ढाका प्रखंड के गुरहनवा पंचायत के दोस्तियां गांव निवासी गौरव गुप्ता ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से गांव में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
गौरव, दोस्तियां गांव निवासी मनोज गुप्ता के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा के बाद कक्षा 6 से लेकर मैट्रिक तक की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय, पिपरा कोठी से हुई। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई गुरहनवा हाई स्कूल से विज्ञान संकाय में की, जहां उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।
इंटरमीडिएट के बाद गौरव ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा का रुख किया। उन्होंने कठिन मेहनत और लगन के साथ नीट की तैयारी की। हालांकि पहले प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। आखिरकार दूसरे प्रयास में उन्होंने नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपना सपना साकार कर लिया।
गौरव के पिता एक सरकारी विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं। गौरव ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन, सहयोग और प्रेरणा को दिया है।
गौरव की सफलता से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



















